logo

चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, कहा- अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे बिहारी?

chirag_news.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

केंद्रीय मंत्री और लोजपा-आर के प्रमुख चिराग पासवान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। शनिवार को चिराग ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपनी ही सरकार पर प्रहार किया है। उन्होंने ट्वीट किया और पूछा, "बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे?" इस ट्वीट के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, क्योंकि बिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष और सत्ताधारी गठबंधन के घटक दल के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लिखा, "बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?" उनका यह बयान तब आया है जब राज्य में हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ दिनों में पटना शहर में लगातार हत्या की वारदातों ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में पटना में नामी कारोबारी गोपाल खेमका को गोलियों से भून दिया गया था। इसके बाद, दो दिन पहले पटना जिले में बालू कारोबारी रमाकांत यादव की हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात राजधानी पटना के तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन घटनाओं के बाद चिराग पासवान ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर निशाना साधा है।

चिराग पासवान ने इससे पहले भी नीतीश कुमार सरकार की आलोचना की थी। मुजफ्फरपुर की दलित बच्ची से रेप और पटना के पीएमसीएच में समय पर इलाज न मिलने के कारण एक बच्चे की मौत हो जाने पर भी चिराग ने बिहार सरकार को घेरा था। उन्होंने उस समय इसे "पूरा सिस्टम फेलियोर" करार दिया था। फिलहाल केंद्र में मंत्री चिराग पासवान आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी, जेडीयू और अन्य दलों के साथ एनडीए गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ने की संभावना है। चिराग पासवान बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में भी जुटे हैं। इसके लिए वे लगातार राज्य के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे हैं। आरा, राजगीर और छपरा में उनकी रैलियां हो चुकी हैं। एनडीए में सीट बंटवारे से पहले चिराग अपने सहयोगियों को ताकत दिखाने में जुटे हुए हैं। इस राजनीतिक परिस्थिति में उनका बिहार के एनडीए सरकार पर ही प्रहार करना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।



 

Tags - Chirag paswan latest News Chirag paswan updates Latest Chirag paswan news Chirag paswan updates in hindi Chirag bpaswan Tweet news latest Chirag paswan tweet News in hindi latest bihar News Bihar politics bihar latest politica Bihar Updates late