द फॉलोअप डेस्क:
केंद्रीय मंत्री (Centeral Minister) और लोक जनशक्ति पार्टी (Ram Vilas Paswan) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने जन्मदिन पर शादी को लेकर पूछे गए सवाल का एक बार फिर जवाब दिया है। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पटाखे फोड़कर खुशियां मनाई गईं। जन्मदिन समारोह के बाद चिराग ने मीडिया से बातचीत की और कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान वह अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद कर भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि पिता की कमी हमेशा महसूस होती है। बचपन में उनके साथ जन्मदिन मनाने की यादें आज भी उनके दिल में हैं। चिराग ने इस खास मौके पर शुभकामनाएं देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं का आभार जताया।

शादी के सवाल पर चिराग ने बताई अपनी प्राथमिकता
चिराग पासवान से जब उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया, तो वह मुस्कुराते नजर आए। हालांकि, उन्होंने अपने जवाब में साफ कर दिया कि फिलहाल उनके लिए व्यक्तिगत जीवन से ज्यादा राजनीतिक जिम्मेदारियां महत्वपूर्ण हैं। चिराग ने कहा कि उनके नेता के अस्तित्व और व्यक्तित्व का विस्तार, साथ ही हाजीपुर की जनता का आशीर्वाद और उनकी चिंताएं उनकी प्राथमिकता हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर इससे ज्यादा कुछ कहने से परहेज किया। दरअसल, चिराग पासवान से अक्सर उनकी शादी को लेकर सवाल पूछे जाते रहे हैं। हर बार वह अपनी जिम्मेदारियों और जनता के प्रति जवाबदेही को प्राथमिकता देने की बात कहते हैं। इस बार भी जन्मदिन के मौके पर उनका जवाब कुछ ऐसा ही रहा।

युवाओं को लेकर क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने युवाओं को लेकर भी अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा युवाओं को प्रेरित करने और उनसे सीधे संवाद करने की कोशिश करते रहे हैं। चिराग ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनके सुख-दुख, सुझाव, चिंताओं और परेशानियों में वह मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात सुनना और उनकी समस्याओं को समझना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस तरह जन्मदिन के मौके पर चिराग ने जहां अपने पिता को याद किया, वहीं शादी के सवाल पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और युवाओं के साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिया।