द फॉलोअप डेस्क
आज चैती छठ पूजा का दूसरा दिन है, जिसे खरना के रूप में मनाया जाता है। इसके बाद 24 मार्च को शाम का अर्घ्य और 25 मार्च को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान छठ व्रत करने वालों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में खास बदलाव किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, 24 मार्च की दोपहर से 25 मार्च की सुबह 8 बजे तक अशोक राजपथ पर करगिल चौक से दीदारगंज तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस रास्ते से जुड़े सभी छोटे-बड़े रास्ते (एंट्री प्वाइंट) भी बंद रहेंगे। जो लोग घाट पर छठ करने जा रहे हैं, उनकी गाड़ियां पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज कैंपस में पार्क कराई जाएंगी, जबकि आम गाड़ियों को इस इलाके में जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 3 से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर गाड़ियां नहीं चलेंगी। लेकिन आप रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जा सकते हैं, यानी वैकल्पिक रास्ता खुला रहेगा।
अटल पथ पर दीघा से आर ब्लॉक तक ना गाड़ियां चलेंगी और ना ही पार्किंग होगी। कंगन घाट से मरीन ड्राइव की पश्चिम दिशा में भी गाड़ियां नहीं जाएंगी। 24 मार्च को दोपहर 2 से रात 8 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 2 से 9 बजे तक इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके साथ ही जेपी सेतु पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से गायघाट तक दोनों लेन में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बसों की पार्किंग के लिए गांधी मैदान गेट नंबर 10 के अंदर व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।