द फॉलोअप डेस्क
बिहार में आज से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरे के कारण ठंड बढ़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी और धूप निकलने के बावजूद पछुआ हवा की तेजी के कारण दिन में भी हल्की ठंड बनी रहेगी। वहीं, शनिवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे मौसम में भी बदलाव आ सकता है।मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के 32 शहरों में अधिकतम तापमान में कमी आई है। बक्सर में 5.1 डिग्री, भोजपुर में 4.3 डिग्री और कई अन्य शहरों में तापमान में गिरावट देखी गई। राज्य के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान मोतिहारी में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि सासाराम, अरवल, बक्सर, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मोतिहारी, वाल्मीकि नगर, और बेगूसराय जैसे शहरों में भी तापमान में गिरावट आई है। वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री कम हुआ। जबकि यहां न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस बीच प्रदेश में ठंडी हवा का प्रभाव बना हुआ है, जिससे सुबह और शाम में हल्की ठंड महसूस हो रही है। इस दौरान औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।