द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी के दिन मधेपुरा में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक दोस्त लापता है। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त मेला देखकर लौट रहे थे। तभी अचानक उनकी कार बेकाबू हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। तीन दोस्तों के शव निकाल लिए गए हैं, जबकि एक अभी भी लापता है। शुक्रवार को मधेपुरा जिले में रामनवमी को लेकर जश्न मनाया गया, लेकिन इसी दौरान अरार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन दोस्तों की मौत हो गई और एक दोस्त लापता हो गया। लापता दोस्त की तलाश जारी है। कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बारे में बताया गया कि रामनवमी के अवसर पर ग्वालपाड़ा में दीनाभद्री मेला लगा हुआ था। इस मेले को देखने के लिए चारों दोस्त रात लगभग 9 बजे स्टेशन चौक से कार से निकले थे। इसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे वे मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान अरार पुल पर उनकी कार अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों दोस्तों के शव नदी से निकाल लिए गए, लेकिन चौथा दोस्त अभी भी लापता है। नदी में पानी अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी आ रही है।इस हादसे में मृत तीनों दोस्तों की पहचान कर ली गई है। इनमें मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी स्वर्गीय विमल यादव के पुत्र घनश्याम कुमार (28 वर्ष), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी मनोज कुमार के पुत्र अंकित कुमार (27 वर्ष) और सहरसा जिले के सौरबाजार निवासी प्रमोद यादव के पुत्र बसंत कुमार शामिल हैं। वहीं, चौथे दोस्त की पहचान सदर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-14, जयपालपट्टी निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है, जो अभी भी लापता है।