द फॉलोअप डेस्क:
बिहार का देसी स्वाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने जा रहा है। BRICS Summit में आने वाले विदेशी मेहमानों और अंतरराष्ट्रीय मीडिया को बिहार का सत्तू और मिथिला का मशहूर मखाना भेंट किया जाएगा। भारत सरकार ने मीडिया किट के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों की खासियतों को दुनिया के सामने रखने की तैयारी की है। इसमें बिहार के सत्तू-मखाने के साथ ओडिशा की कोरापुट कॉफी और गुजरात के पारंपरिक हस्तशिल्प को भी शामिल किया गया है।

दुनिया के सामने पेश होगा बिहार का पारंपरिक स्वाद
विदेश मंत्रालय के ओएसडी (पीआर) वासुदेव रवि के मुताबिक, इस मीडिया किट के जरिए 'इंडिया स्टोरी' पेश करने की कोशिश है, जिसमें भारत की विविधता और राज्यों की पारंपरिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक पहुंचाया जाएगा। बिहार की ओर से सत्तू और मखाना उपलब्ध कराया गया है। मिथिला के दरभंगा, मधुबनी और आसपास के इलाकों में तालाबों और जलाशयों में बड़े पैमाने पर मखाने की खेती होती है और किसान पीढ़ियों से इससे जुड़े हैं।BRICS Summit में विदेशी मेहमानों को इन दोनों उत्पादों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। सत्तू बिहार के पारंपरिक खान-पान की पहचान है, जबकि मखाना राज्य के प्रमुख उत्पादों में शामिल है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर इनकी मौजूदगी से बिहार के स्थानीय स्वाद, किसानों और पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की कोशिश होगी।