logo

PMCH में परीक्षा के दौरान लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

c_xc.jpg

पटना/बिहार

पटना स्थित PMCH के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस दौरान विभाग में परीक्षा चल रही थी। आग लगने की सूचना पाते ही अभ्यर्थियों और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और विभाग में रखीं कीमती मशीनें, जरूरी सामान और दस्तावेज जल कर राख हो गये। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हताहत होने की खबर नहीं
इसमें राहत की बात यह रही कि इस हादसा में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्राथमिक जांच में भीषण गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की संभावना बताई जा रही है। इसकी जानकारी देते हुए जिला फायर कमांडेंट रितेश पांडेय ने बताया कि आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दोपहर 2.10 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत पांच दमकल की गाड़ियां भेजी गयीं। फिलहाल आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

विभाग में चल रही थी परीक्षा
बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुई तो उस समय विभाग में परीक्षा चल रही थी। विभाग में दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित कराई गई थी। परीक्षा का समय लगभग खत्म होने पर थी और सभी लोग बाहर निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान अचानक पूरा विभाग काले धुएं से भर गया और आग की तेज लपटें उठने लगीं, इसे देख मौके पर मौजूद लोगों और अभ्यर्थियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

Tags - PMCH Fire PMCH Patna Fire Patna Medical College Hospital Microbiology Department Fire