logo

पटना में BPSC के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, TRE-4 को लेकर उबाल, सड़कों पर उतरे शिक्षक अभ्यर्थी

TRE4.jpg

पटना
बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षा तिथि और नोटिफिकेशन जारी होने में हो रही देरी से नाराज बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बुधवार को सड़कों पर उतर आए और बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह से ही अभ्यर्थियों का जुटान पटना कॉलेज के पास शुरू हो गया, जहां से उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए बीपीएससी कार्यालय तक मार्च निकालने का ऐलान किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


नोटिफिकेशन में देरी से फूटा गुस्सा
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-4 परीक्षा को लेकर लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक न तो परीक्षा तिथि घोषित की गई है और न ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इससे युवाओं में भारी नाराजगी है।
कैंडिडेट्स “हमें हमारा हक दो” और “नीतीश के सम्मान में बेटियां मैदान में” जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे और अपनी मांगों को बुलंद किया।


सीएम के आश्वासन का दिया हवाला
अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई बार अपने कार्यक्रमों में TRE-4 परीक्षा जल्द कराने की बात कह चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि चौथे चरण की शिक्षक बहाली प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
इसके बावजूद बीपीएससी की ओर से देरी होना छात्रों को निराश कर रहा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।


आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द ही TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनकी मुख्य मांग है कि परीक्षा का पूरा कैलेंडर जल्द घोषित किया जाए। गौरतलब है कि इससे पहले भी 9 फरवरी 2026 को TRE-4 को लेकर जोरदार प्रदर्शन हो चुका है। वहीं, स्थिति को देखते हुए पटना पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट पर है और अभ्यर्थियों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है।


 

Tags - Bihar Teacher Recruitment TRE4 Protest Candidates March BPSC Office Demonstration Demand Exam Schedule Release