द फॉलोअप डेस्क
बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा (AEDO) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, AEDO परीक्षा राज्य के विभिन्न जिलों में 14, 15, 17, 18, 20 और 21 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आयोग ने 3 अप्रैल से अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे यह भी साफ कर दिया है।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के आसान तरीके -
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://bpsonline.bihar.gov.in पर जाकर अपने डैशबोर्ड में लॉगिन करना होगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने अकाउंट में लॉगिन कर View/Download विकल्प पर क्लिक करना होगा।

हालांकि अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर आवंटित जिले की जानकारी तो मिल जाएगी, लेकिन परीक्षा केंद्र के नाम और कोड की विस्तृत जानकारी अलग-अलग तिथियों पर डैशबोर्ड पर उपलब्ध होगी। आयोग के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 14 और 15 अप्रैल को है उन्हें एडमिट कार्ड में पूरी जानकारी 11 अप्रैल से मिलेगी। वहीं जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 17 और 18 अप्रैल को है उन्हें परीक्षा के लिए 14 अप्रैल से जानकारी मिलेगी और 20 और 21 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए 17 अप्रैल से जानकारी मिलेगी।

एडमिट कार्ड से जुड़ी अहम बातें -
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की अतिरिक्त प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा के दौरान एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर कर फोटो चिपकाना होगा। एडमिट कार्ड पर रोल नंबर और बारकोड स्पष्ट रूप से अंकित रहेगा।
समय का ध्यान रखें -
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा, जबकि परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन ही उपलब्ध होगा।