logo

BPSC 72वीं पीटी परीक्षा स्थगित, 25 अक्टूबर को नहीं होगा एग्जाम

BPSC 72वीं पीटी परीक्षा स्थगित, 25 अक्टूबर को नहीं होगा एग्जाम

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (Prelims Exam) एक बार फिर स्थगित (Postponed) कर दी गई है। आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) को होने वाली परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से टाल दिया गया है। परीक्षा की नई तारीख को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए बीपीएससी (BPSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।

5.15 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, 1,189 पदों पर होगी नियुक्ति

बीपीएससी 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के लिए करीब 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। पिछली 71वीं संयुक्त परीक्षा की तुलना में इस बार आवेदकों की संख्या में 44 हजार से अधिक की बढ़ोतरी बताई जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1,189 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। इससे पहले भी आयोग की 70वीं और 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया जा चुका है। 70वीं बीपीएससी की परीक्षा, जो पहले 30 सितंबर 2024 को प्रस्तावित थी, बाद में 13 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी। वहीं, 71वीं परीक्षा की तारीख भी सितंबर 2025 में बदली गई थी।

कब हो सकती है परीक्षा? नई तारीख पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार

72वीं बीपीएससी परीक्षा की नई तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर 2026 में परीक्षा आयोजित होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं, लेकिन आयोग ने इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। अक्टूबर के अंत में होने वाली चुनाव प्रक्रिया और बिहार में छठ महापर्व को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, परीक्षा कब होगी, इसकी पुष्टि केवल बीपीएससी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही हो सकेगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड तथा अन्य जरूरी अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।

Tags - Bihar News Bihar Latest News BPSC 72nd Exam Postponed BPSC 72nd Prelims Exam 2026