पटना/बिहार
पटना के चर्चित मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात एक BMW कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों में इसे देखकर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान रास्ते पर आने-जाने वाली गाड़ियों को रोकना पड़ा जिससे मरीन ड्राइव पर दोनों ओर लंबा जाम की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी
हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही लोदीपुर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पूछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही सेकंड में तेज लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फिलहाल जांच जारी है
हादसे में राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई बैठा हुआ नहीं था, जिससे किसी का हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल जांच जारी है कि किस कारण कार में लगी। हादसे में कार को भारी क्षति पहुंची है।