पटना/बिहार
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को बीजेपी और जेडीयू ने अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह की हो रही है। बीजेपी ने उन्हें एमएलसी उम्मीदवार बनाया है। राज्य में 9 सीटों पर छह साल के नियमित कार्यकाल के लिए चुनाव होना है, जबकि एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। उम्मीदवार घोषित होते ही पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की।

उम्मीदवारों के नाम
बीजेपी और जेडीयू ने विधान परिषद चुनाव के लिए अपने-अपने चार-चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। बीजेपी ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया, वहीं राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया गया है। इसके अलावा पूर्णिया के अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति को टिकट देकर पार्टी ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति अपनाई है। वहीं जेडीयू पार्टी की ओर से निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रा) से अशरफ अंसारी को उम्मीदवार बनाया गया है।

रवि किशन और मनोज तिवारी ने दी बधाई
पवन सिंह ने बीजेपी उम्मीदवारों की सूची साझा करते हुए लिखा कि आपके विश्वास, स्नेह और मार्गदर्शन को जनसेवा के संकल्प में बदलने का पूरा प्रयास करूंगा। इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का आभार जताते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी को मेरे ऊपर विश्वास जताने के लिए दिल से धन्यवाद एवं आभार। एमएलसी उम्मीदवार बनने के बाद पवन सिंह को राजनीतिक और फिल्मी जगत से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। सांसद और अभिनेता रवि किशन तथा सांसद मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अपना "छोटा भाई" बताया। दोनों नेताओं ने पवन सिंह के राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।