द फॉलोअप डेस्क
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज कहा कि भाजपा प्रत्येक वर्ष अपना स्थापना दिवस मनाती है। आगामी 6 अप्रैल को भाजपा की 45 वर्षों की यात्रा पूरी हो रही है। इस स्थापना समारोह को मनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तैयारी में जुटे हैं। इस अवसर पर कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लाखों कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में सरावगी ने कहा कि भाजपा ने पिछले 45 वर्षों में शून्य से शिखर तक का सफर तय करते हुए विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने इसके लिए पार्टी की विशिष्ट विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, सरकार की उपलब्धियों तथा कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता इन सभी प्रयासों की सराहना कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरावगी ने मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा आज विकास और विश्वास का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने कहा, “हमारा समर्पण मां भारती को है, हमारा समर्पण देश के कोटि-कोटि जनों को है, और हमारा समर्पण देश के संविधान को है।” कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों की सजावट की जाएगी, जबकि 6 अप्रैल को विकास यात्रा, ध्वजारोहण तथा नेताओं का प्रवास एवं उद्बोधन होगा।
8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे तथा लाभार्थियों से संवाद करेंगे। नितिन नवीन के नेतृत्व की सराहना करते हुए सरावगी ने कहा कि संगठन को नई ऊर्जा और गति मिल रही है तथा जनसेवा के कार्यों का विस्तार हो रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास न नीति है, न नेतृत्व और न ही नीयत—वे सिर्फ भ्रम और झूठ की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बिहार की अहम भूमिका होगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, प्रवक्ता उषा विद्यार्थी, प्रेम रंजन पटेल और मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल सहित कई नेता मौजूद थे।