logo

पटना में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक, पॉल्ट्री फार्म में संक्रमण की पुष्टि; रोकथाम के पुख्ता इंतजाम

90567.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना में बर्ड फ्लू ने दस्तक दी है। इसकी जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पूर्वी स्थित पॉल्ट्री फार्म में हाल ही में कुछ मुर्गियों की अचानक मौत हो गई थी। इसके बाद मुर्गियों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे, जहां से आयी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के बाद, सभी संक्रमित मुर्गियों को सुरक्षित तरीके से मारकर दफनाया गया है और पॉल्ट्री फार्म को पूरी तरह से सैनिटाइज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता 
बता दें कि बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। साथ ही सिविल सर्जन डॉ अविनाश कुमार सिंह ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनके क्षेत्र में किसी पक्षी की असामान्य मृत्यु हो, तो वे तत्काल जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ प्रशांत कुमार सिंह को सूचना दें। सिविल सर्जन ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी मृत पक्षी की सूचना मिले तो वे नजदीकी अस्पताल में इसकी जानकारी दें।

भोपाल भेजे गए थे नमूने
गौरतलब है कि 27 फरवरी को ICAR के पॉल्ट्री फार्म में मुर्गियों की अचानक मौत हुई थी। इसके अगले दिन नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे। भोपाल से आयी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद पॉल्ट्री  फार्म के आसपास के तीन किलोमीटर के क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही जिन व्यक्तियों को 7 दिन के अंदर मृत पक्षी से संपर्क हुआ हो और वे खांसी या बुखार से ग्रस्त हों, उन्हें इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया है।

Tags - Patna Bird Flu Infection Confirmed Poultry Farm Bihar News Latest News Breaking News