logo

पटना-वैशाली की दो महिलाएं असम में गिरफ्तार, 36 लाख की हेरोइन बरामद

पटना-वैशाली की दो महिलाएं असम में गिरफ्तार, 36 लाख की हेरोइन बरामद

द फॉलोअप डेस्क:

असम (Assam) में हेरोइन तस्करी (heroin seizure) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार की दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 180 ग्राम हेरोइन और तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। जब्त हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 36 लाख रुपये बतायी जा रही है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पटना के आलमगंज गुलजारबाग निवासी अनिता देवी और वैशाली की अंजलि देवी के रूप में हुई है। तीसरा आरोपित असम के उदलगुड़ी जिले का रहने वाला रोहित साहनी है।

बिहार एसटीएफ की सूचना पर कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम को असम में सक्रिय हेरोइन तस्करी गिरोह के सदस्यों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ ने यह जानकारी असम पुलिस के साथ साझा की। सूचना के आधार पर असम पुलिस ने सिलचर थाना क्षेत्र में छापेमारी की और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में मादक पदार्थ और मोबाइल फोन जब्त किये गये, जिनकी मदद से पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर सकती है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के तार बिहार और असम समेत कई राज्यों में फैले तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका और मादक पदार्थों की आपूर्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आयी है। तीनों आरोपितों के खिलाफ सिलचर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और गिरोह की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar women arrested in Assam heroin smuggling case