पटना
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 12 अगस्त को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान पश्चिमी और उत्तरी बिहार के कई हिस्सों में आंधी और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी पटना में आज बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन हो सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी होने की उम्मीद है। हालांकि, पटना में भारी बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
18 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्णिया, सुपौल, छपरा, औरंगाबाद समेत राज्य के 18 जिलों में आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। हालांकि, अगले 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।.jpeg)
इन जिलों में खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 13 से 15 अगस्त के बीच बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।