logo

बिहार : आज पूरे राज्य में बारिश का येलो अलर्ट, 6 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

bihar_weather.jpg

बिहार 
बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कुछ इलाकों में तेज धूप निकल रही है तो कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही के साथ बारिश हो रही है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने रविवार को पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात का खतरा भी जताया गया है।
सीमांचल के जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बिहार और सीमांचल के कुछ जिलों में मानसून ज्यादा सक्रिय रह सकता है। मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में कई जगह हुई बारिश, कैमूर में गर्मी बरकरार
बीते 24 घंटे के दौरान बिहार के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पश्चिम चंपारण के बगहा में अच्छी बारिश हुई, जबकि शेखपुरा और गोपालगंज में भी तेज बारिश देखने को मिली। राजधानी पटना समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और मौसम में बदलाव महसूस किया गया। दूसरी ओर कैमूर जिले में बारिश का असर कम रहा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
6 अगस्त तक जारी रहेगा बदला हुआ मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। 5 और 6 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 3 अगस्त को भी पूरे बिहार में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश हो सकती है।
4 और 5 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए भी राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, गोपालगंज और भोजपुर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 5 अगस्त को अरवल, जहानाबाद, गयाजी और औरंगाबाद में तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। 6 अगस्त को भी बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Tags - Bihar Weather Rain Alert Monsoon IMD Weather Update