logo

Bihar Weather : बिहार में ठंड के बीच बारिश का अलर्ट, पटना समेत 13 जिलों में बदलेगा मौसम

बिहार में ठंड के बीच बारिश का अलर्ट, पटना समेत 13 जिलों में बदलेगा मौसम

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Weather: बिहार (Bihar) में मौसम (Weather) का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदल सकता है। राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, 20 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से 18 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 18, 19 और 20 नवंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। इसके बाद 21 नवंबर से दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान के बीच मौसम में इस बदलाव की संभावना जताई गई है।

21 नवंबर को इन 13 जिलों में हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को बिहार के 13 जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इनमें दक्षिण मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय शामिल हैं। वहीं, दक्षिण पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 22 नवंबर को जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी जिलों में बारिश नहीं होगी, बल्कि चुनिंदा स्थानों पर ही हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बादलों और बारिश के कारण तापमान में भी बदलाव होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान अकवान

बिहार के मौसम में संभावित बदलाव के बीच बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में 12.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। पिछले छह घंटों में यह करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर की दोपहर तक इसके मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान था। ऐसे में बिहार के लोगों को भी मौसम विभाग के आगामी अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar Weather Update Bihar Weather Forecast