logo

पटना समेत बिहार में बढ़ेगी भीषण गर्मी, 18 अप्रैल के बाद तापमान 40 डिग्री पार जाने के आसार

ूासज13.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 18 अप्रैल के बाद दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा और बक्सर समेत कई जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है, जिससे लोगों को लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है।


मौसम शुष्क, बारिश की संभावना बेहद कम
पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा और अगले सात दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। हालांकि अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 32.2 से 39.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि डेहरी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 39.4 डिग्री तक पहुंच गया।


मौसम में बदलाव की ये हैं मुख्य वजहें
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और राज्य के ऊपर कई ट्रफ लाइनें गुजर रही हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है, जिससे ठंडी हवाओं का असर नहीं मिल पा रहा। ऊपरी स्तर पर तेज जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, लेकिन सतह पर गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। इन सभी कारणों से वातावरण में नमी कम हो गई है और तापमान लगातार बढ़ रहा है।
 

Tags - Bihar Patna Weather Update Heatwave Summer IMD Temperature Rise India Weather