बिहार
बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है, जिसके चलते मौसम विभाग ने राज्य में 'डबल अलर्ट' जारी किया है। 11 जून को दस्तक देने के बाद सुस्त पड़ा मॉनसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और मॉनसूनी ट्रफ के बिहार की ओर बढ़ने से अगले 2 से 4 दिनों में पूरे राज्य में मॉनसून के पूरी तरह एक्टिव होने की उम्मीद है।फिलहाल, उत्तर बिहार में हल्की बारिश से राहत है, तो वहीं दक्षिण बिहार अब भी भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। वहीं, बक्सर, कैमूर और रोहतास जैसे जिलों में हीटवेव के साथ-साथ बारिश का अनोखा कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकता है।
देखें प्रभावित इलाकों की पूरी सूची
बिहार के जिन 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल है। इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
इन
जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बाकी के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें से बक्सर, कैमूर और रोहतास जिले में हीट वेव के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। इनमें से रोहतास जिले में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा किशनगंज, कटिहार और भागलपुर में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस तरह से बिगड़े मौसम में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।