द फॉलोअप,बिहार
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

गर्मी से लोगों को राहत
शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदला। राजधानी पटना सहित बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ी और झमाझम बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। जबकि कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में कमी महसूस की गई।

बीते दिनों का तापमान
हालांकि बारिश की गतिविधियों के बावजूद कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। बीते दिनों पटना का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार रहा, जबकि कैमूर सबसे गर्म जिला बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।