Bihar Weather:
बिहार के 23 जिलों में गुरुवार को मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिलों में आज मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। कभी धूप तो कभी बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। वहीं राजधानी पटना में भी इसी तरह मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी महसूस हो सकता है।

इन जिलों में विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें शामिल पूर्वी चंपारण, पश्चमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान समेत मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया के अलावा भागलपुर, मुंगेर, बांका औऱ जमुई शामिल है।

अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम की स्थिति
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम की स्थिति यथावत बनी रहेगी। 25 जुलाई के बाद बक्सर, भोजपुर, पटना, जहानाबाद, समस्तीपुर और वैशाली के आसपास के जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में 28 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है।
लगातार मौसम में बदलाव को देखते हुए विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है। खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलने, पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स के नीचे न खड़े होने की सलाह दी है। इस दौरान राज्य के कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।