logo

बिहार के 12 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 5 जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी

bihar_weather.jpg

बिहार 
बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कुछ जिलों में बारिश से लोगों को राहत मिल रही है, जबकि कई इलाकों में उमस भरी गर्मी अभी भी बनी हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज राज्य के 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में येलो अलर्ट लागू किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
बारिश की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में बारिश की गतिविधियां बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं और सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बढ़ी हैं। मॉनसून ट्रफ उत्तर-पश्चिमी हिस्से में मजबूत बनी हुई है, जिससे उत्तर और पश्चिम बिहार में अच्छी बारिश हो रही है। वहीं दक्षिण बिहार में मॉनसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने के कारण उमस भरी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
अगले दो दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बिहार में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 17 अगस्त को दक्षिण बिहार के कई जिलों में भी मौसम खराब होने की संभावना है, जबकि उत्तर बिहार और सीमांचल में मॉनसून सक्रिय रहेगा। 18 अगस्त को मौसम और अधिक प्रभावी हो सकता है। पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई, हालांकि कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, मोतिहारी और दरभंगा सहित कई जिलों में धूप और बादलों का मिश्रित मौसम देखने को मिला। इस दौरान कई स्थानों पर तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में आज उमस लोगों को परेशान कर सकती है। सुबह से तेज धूप निकली हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने दोपहर के बाद मौसम बदलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। आज पटना का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
 

Tags - Bihar Weather IMD Alert Rain Alert Patna News Monsoon Update