Bihar Weather:
पटना में शुक्रवार सुबह-सुबह झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों में दिन भर बादल छाए रहने के साथ तेज आंधी-बारिश की चेतावनी दी है। वहीं पूरे राज्य में मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। राज्य के कई इलाकों में वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

उत्तर और मध्य बिहार के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के 12 जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेष रुप से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।

प्रशासन ने लोगों से किया अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम के ताजा पूर्वानुमान का ध्यान रखने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।