द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) में चक्रवाती (Cyclone) तूफान अर्णब (Arnab) का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश का दौर जारी है। शनिवार को पटना समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई, जबकि मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, दो नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके बाद मौसम में बदलाव होने के आसार हैं।

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
बिहार में बारिश के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कैमूर में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

46 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
मौसम के बदलते मिजाज के बीच शनिवार को रोहतास और भोजपुर में हवा की रफ्तार 46 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। वहीं, बीते 24 घंटे के दौरान पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। राजधानी पटना में 4.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि बक्सर जिले के सिमरी में सबसे अधिक 87.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दो नवंबर तक राज्य में हल्की और छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।