बिहार
बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया है। ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जबकि कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, बारिश होने और मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर, अररिया, किशनगंज, कटिहार, सीवान, सारण, भोजपुर और बक्सर समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। बारिश और हवा के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में बारिश का प्रभाव ज्यादा रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में इसका असर कम देखने को मिल सकता है। 5 और 6 अगस्त को भी उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
नमी वाली हवाओं से बन रहे बारिश के हालात
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल मानसूनी ट्रफ सामान्य स्थिति के आसपास बना हुआ है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली पूर्वी हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। वातावरण में नमी बढ़ने और स्थानीय स्तर पर तेजी से बादल बनने के कारण बारिश की स्थिति बन रही है। इसी वजह से कई इलाकों में तेज हवा के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।.jpeg)
वज्रपात गिरने से 7 लोगों की मौत, अब भी सामान्य से कम बारिश
राज्य में खराब मौसम के बीच कई जिलों में वज्रपात गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिनमें करीब 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिहार में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय तक राज्य में करीब 422 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 299 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। यानी राज्य में अभी भी लगभग 43 फीसदी बारिश की कमी बनी हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई गई है।