Bihar Weather:
बिहार में आज सभी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 4 जिलों में भारी बारिश की चेतवनी दी गई है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीच-बीच में तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राजधानी पटना, गया, गोपालगंज, नालंदा, लखीसराय, अरवल, और पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई है। वहीं रोहतास, नवादा, भोजपुर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और खगड़िया जिलों में वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर सीमांचल और उत्तर बिहार के मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में स्थिति अधिक संवेदनशील हो सकती है। इन जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों में निकलने, बिजली के खंभों से दूर रहने और पेड़ों से दूर रहने की अपील है।

कैसा रहा बीते 24 घंटे में मौसम
बीते 24 घंटे के दौरान पटना समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई शहरों में जलजमाव की स्थिति दिखी। दरभंगा के DMCH परिसर, नगर निगम कार्यालय और टाउन हॉल रोड पर पानी भर गया, वहीं बेगूसराय की कई सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। पटना के मुख्य सचिवालय, एलएनजेपी अस्पताल, राजीव नगर, पटना सिटी और मोकामा रेफरल अस्पताल में भी जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।