logo

बिहार के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; बीते 24 घंटों में वज्रपात की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत

नमन8.jpg

Bihar Weather:

बिहार के 11 जिलों में आज मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में लगातार इन दिनों रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उन इलाकों में 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

27 जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य 
इसके साथ ही राज्य के अन्य 27 जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। हालांकि, बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान खगड़िया, नालंदा, पटना समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर पूरे दिन बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

आकाशीय बिजली बनी जानलेवा
वहीं पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई, जिसमें सबसे अधिक प्रभावित जिला नवादा रहा। यहां वज्रपात की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, शेखपुरा में भी बिजली गिरने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पटना में आज भी बादलों की आवाजाही दिनभर बनी रहेगी। इस दौरान हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। 
विभाग ने बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलने, पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स के नीचे न खड़े होने की सलाह दी है।

Tags - Bihar Weather Update Bihar Monsoon Heavy Rain in Bihar Thunderstorm Alert