logo

बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बंगाल (Bengal) की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय यह तूफान पिछले छह घंटे के दौरान 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र (Weather Station), पटना (Patna) के अनुसार, बुधवार से एक नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका है। कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश के आसार

अगले 24 घंटे के दौरान पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और बांका में तेज हवा के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को बिहार के सभी जिलों में आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, एक नवंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पटना में 33.7 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

मंगलवार को पटना समेत बिहार के 21 जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुपौल में 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। भोजपुर जिले में मंगलवार को 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। पटना और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने से दिन में हल्की गर्मी बनी रही। हालांकि, सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास जारी रहा।

Tags - Bihar Weather Update Bihar Weather Alert Cyclone Arnab Bihar Rain Alert Bihar Heavy Rain Warning