बिहार
सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सोमवार को कई जिलों में तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
इन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।.jpeg)
गया, नवादा और जमुई में अधिक असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार गया, नवादा और जमुई जिलों में मानसून का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम में आए इस बदलाव से पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।.jpeg)
कम दबाव का क्षेत्र बना वजह
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ऊपरी वायुमंडल तक फैला हुआ है और इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसी प्रणाली के प्रभाव से बिहार में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं।
18 और 19 अगस्त का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को भी पूरे बिहार में डबल अलर्ट जारी रहेगा। इस दिन शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि राज्य के शेष जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। वहीं 19 अगस्त को पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बक्सर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण समेत कुछ जिलों में मौसम अधिक खराब रहने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में रविवार को दिनभर तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह धूप और बादलों का मिश्रित असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने दिन के दौरान बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। अनुमान है कि राजधानी में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी।