बिहार
बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज अलग-अलग जिलों में अलग नजर आ रहा है। कुछ इलाकों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं, तो वहीं कई जिलों में झमाझम बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान वज्रपात यानी बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 

इन 25 जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। राज्य के बाकी जिलों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
अगले 72 घंटे मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। 24 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
25 और 26 अगस्त को भी बारिश की संभावना
25 अगस्त को उत्तर बिहार, उत्तर-पूर्वी बिहार और सीमांचल के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 26 अगस्त को भी कई इलाकों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
पटना में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
राजधानी पटना में फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। आसमान में कई बार बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस ज्यादा महसूस हो रही है। शनिवार को दिनभर तेज धूप रही, जबकि देर रात हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। आज भी पटना में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
पिछले 24 घंटे में कैमूर सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश भी हुई। समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, वैशाली और शेखपुरा समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई।