बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस कड़े बयान के चौबीस घंटे के भीतर ही बिहार पुलिस ने अपनी बंदूकें खोल दी हैं। सूबे में अपराधियों के खिलाफ जारी ताबड़तोड़ एक्शन के बीच पिछले 3 दिनों में आज तीसरा एनकाउंटर देखने को मिला। बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस कारवाई करते हुए आज सुबह गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई 27 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। इस दौरान हुई फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। 
दिनदहाड़े हुई थी 27 लाख की लूट
जोल बीघा के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। वहां से गुजर रही सीएमएस सिक्योरिटी वैन को पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने रोक लिया था। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया, जिसमें करीब 27 लाख रुपये थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए थे। इस बड़ी घटना के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ अपराधी गोपालपुर थाना इलाके के उदनी गांव में जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी।

गिरफ्तारी की पूरी कहानी
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान पुलिस की गोली एक अपराधी के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही मौके से भागने की कोशिश कर रहे चार अन्य अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की बाइक और गोली के कई खोखे बरामद किए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ACP कार्तिकेय शर्मा ने कहा
सीनियर ACP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने लूटकांड का खुलासा करते हुए दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के रहने वाले सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक आरोपी पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटे गए 27 लाख रुपये में से 5 लाख रुपये नकद, लूट की रकम से खरीदे गए 5 आईफोन और सीएमएस कंपनी की गाड़ी की पर्ची बरामद कर ली है। इसके साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, हेलमेट और घटना के वक्त अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाकी के रुपयों की बरामदगी और इस मामले में फरार चल रहे अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
तीन दिनों में 3 एनकाउंटर
मुख्यामंत्री सम्राटचौधरी की सरकार में एक के बाद एक अपराधियों का एनकाउंटर किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में 3 एनकाउंटर किए गए। सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को गांधी मैदान में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कहा था, पुलिस को हमने पूरी छूट दे रखी है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पहले भी वे इस तरह के बयान दे चुके हैं। ऐसे में रविवार की रात सीवान में, सोमवार की सुबह पटना में और आज (मंगलवार) फिर पटना में एनकाउंटर हुआ।