द फॉलोअप,बिहार
बिहार में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार 7 मई को होगा। पटना के गांधी मैंदान में सम्राट सरकार के मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित NDA के कई बड़े दिग्गज नेता शामिल होंगे।

कई बड़े नेताओं की मौजूदगी
समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की भी मौजूदगी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक, 28 से 30 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, जबकि मंत्रिपरिषद की अधिकतम संख्या 36 हो सकती है। सीट बंटवारे में भाजपा और जदयू को लगभग 16-16 मंत्री पद, लोजपा (आर) को 2, रालोमो और हम को 1-1 मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है। जदयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्रियों के अलावा करीब 12 नए मंत्री शामिल हो सकते हैं, जबकि भाजपा की ओर से 13-14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बार नए चेहरों को मौका मिलने की भी संभावना है।

गांधी मैदान में हाईटेक तैयारी और सुरक्षा
पटना के गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए ‘ब्लू बुक’ प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा व्यवस्था लागू होगी। पटना एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। समारोह स्थल पर मुख्य मंच के साथ VVIP और VIP मेहमानों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, गांधी मैदान में तीन हेलीपैड का निर्माण भी किया जा रहा है।