द फॉलोअप,बिहार
बिहार में स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा देने के लिए सम्राट चौधरी सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। ‘स्टार्टअप बिहार’ पहल के तहत 77 स्टार्टअप्स को कुल 4.41 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की अनुशंसा की गई है। सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य में नवाचार, रोजगार और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी।

26 स्टार्टअप्स को पहली किस्त
सरकार युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना चाहती है। 20 से 25 मई के बीच विकास भवन, पटना में पर्सनल इंटरैक्शन मीटिंग आयोजित किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्टार्टअप्स ने अपने आइडिया और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। उद्योग विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 26 स्टार्टअप्स को पहली किस्त के रूप में 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की अनुशंसा की गई है। वहीं 46 स्टार्टअप्स को दूसरी किस्त के तहत 6-6 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

मेंटरशिप से मिलेगी मजबूती
राज्य सरकार ने चार स्टार्टअप्स को पोस्ट-सीड फंड सपोर्ट योजना के तहत चुना है, जिन्हें 15-15 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं एक स्टार्टअप को पेटेंट के लिए आईपीआर प्रतिपूर्ति का लाभ भी मिलेगा। सरकार केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, आधारभूत सुविधाएं और इनोवेशन आधारित इकोसिस्टम भी उपलब्ध करा रही है। उद्योग विभाग का दावा है कि मजबूत नीतियों और युवाओं की भागीदारी के दम पर बिहार अब देश के उभरते स्टार्टअप हब के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।