logo

बिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', जानें CM सम्राट चौधरी का क्या है प्लान

बिहार में  17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', जानें CM सम्राट चौधरी का क्या है प्लान

पटना: 
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में सभी मंत्रियों के साथ बैठक कर “सेवा संकल्प अभियान एवं कायाकल्प अभियान” की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में दोनों अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों की भूमिका और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और मंत्रियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा इसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना और विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत करना है। अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हो।

मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान
वहीं कायाकल्प अभियान सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और नगर विकास समेत विभिन्न विभागों के माध्यम से सरकारी भवनों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के तहत सरकारी भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन, सार्वजनिक परिसंपत्तियों का सुदृढ़ीकरण और आवश्यक नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे।

मरम्मत के काम 30 नवंबर तक पूरे करने का निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरम्मत से संबंधित सभी आवश्यक कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही सरकारी भवनों की पुताई का काम दिवाली तक पूरा करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दोनों अभियानों के तहत होने वाले कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।

जनसेवा और विकास में सकारात्मक बदलाव पर जोर
मुख्यमंत्री ने बैठक में जनसेवा, विकास और प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प और कायाकल्प अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारा जाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को लागू करने और आम जनता की जरूरतों के अनुरूप कार्य करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ राज्य सरकार के मंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई। सरकार का लक्ष्य इन दोनों अभियानों के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच और सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति में सुधार लाना है।
 

Tags - Bihar News Samrat Choudhary Seva Sankalp Abhiyan Kayakalp Abhiyan Bihar Government