logo

बिहार में दो जगह पुलिस मुठभेड़, 3 अपराधियों की मौत; भोजपुर में मुख्य शूटर घायल

बिहार में दो जगह पुलिस मुठभेड़, 3 अपराधियों की मौत; भोजपुर में मुख्य शूटर घायल

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना (Patna) और भोजपुर (Bhojpur) जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान पुलिस ने चार शूटरों (Shooters) को गोली मारी। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक घायल अपराधी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पटना के मनेर में हुई मुठभेड़ में तीन अपराधियों की जान गई, वहीं भोजपुर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शूटर घायल हो गया। दोनों ही मामलों में पुलिस को अपराधियों के पास से हथियार मिलने की जानकारी दी गई है।

मनेर में तीन अपराधियों का एनकाउंटर

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में तीन अपराधियों को गोली लगी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस क्राइम प्रिवेंशन को लेकर अभियान की तैयारी कर रही थी। इसके तहत अलग-अलग इलाकों में पुलिस की टीमें गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधी इलाके में पहुंचे हैं और शेरपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में पहुंची। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन अपराधियों को गोली लगी। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान अपराधियों ने 24 राउंड गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई। घायल तीनों अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जेपी यादव दानापुर के खरौजा रोड का रहने वाला था। सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहरा का निवासी था, जबकि बबलू कुमार मनेर के सुअरमरवा का रहने वाला था। एसएसपी ने बताया कि तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

पैक्स अध्यक्ष की हत्या में था नाम

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधियों पर मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल होने का आरोप था। यह वारदात 19 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन पैक्स अध्यक्ष अपने दालान में बैठे थे। उनके साथ प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने वहां पहुंचकर दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हो गए थे। इस हत्याकांड की जांच में जेपी यादव पर साजिश रचने और बबलू कुमार पर शूटर की भूमिका निभाने का आरोप सामने आया था। अब मनेर में हुई पुलिस मुठभेड़ में इस मामले के तीनों आरोपितों की मौत हो गई है।

भोजपुर में भी पुलिस और शूटर के बीच मुठभेड़

पटना के बाद भोजपुर जिले में भी पुलिस की अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां के पास पुलिस टीम ने पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल शूटर पवन यादव को घेर लिया था। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर पवन यादव ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी। घायल शूटर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल पवन यादव भोजपुर के नवादा थाना क्षेत्र स्थित चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहने वाला है। उस पर पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या में शामिल होने का आरोप है। इस हत्याकांड को बाइक सवार तीन शूटरों ने अंजाम दिया था। इनमें पवन यादव मुख्य शूटर बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने ही रामकुमार सिंह पर सबसे पहले गोली चलाई थी। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। 

Tags - Bihar News Bihar Police Encounter Bihar Encounter News Patna Encounter Maner Encounter