बिहार में आज नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने जा रहा है। 20 साल तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जो नए सीएम के नाम की पर्ची लेकर पटना पहुंच चुके हैं। उनके साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और विनोद तावड़े भी पटना पहुंच गए हैं।
इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा
आज पटना के अटल सभागार में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसके बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA सभी घटक दलों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकते हैं। इससे पहले, अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, 2005 में मेरी सरकार बनी, जहां तक संभव हुआ, मैंने प्रदेश की सेवा की , नयी सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस मौके पर रामकृपाल यादव और विनोद नारायण झा जैसे नेताओं ने नीतीश कुमार के कार्यकाल को एतहासिक बताते हूए उन्हे बिहार के विकास का मुख्य सूत्रधार बताया।
उनका नाम बिहार के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा
बीजेपी विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उनका नाम बिहार के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा और वे आगे भी मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे। आज मंगलवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की दिशा में अंतिम कदम पूरा हो जाएगा।