द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Weather: बिहार में मॉनसून (Bihar Monsoon) की विदाई के साथ ही मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। राज्य में बारिश (Rain) कराने वाला मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने आज किसी भी जिले के लिए बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। वहीं, अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

7 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के सात जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, सारण और सीवान समेत आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। फिलहाल कहीं भी भारी बारिश या तेज हवाओं को लेकर विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बिहार से लौट रहा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून
बिहार से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मॉनसून की वापसी रेखा सुपौल जिले से होकर गुजर रही है। इसके आधार पर राज्य से मॉनसून की पूरी तरह विदाई की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति आने वाले दिनों के मौसम संबंधी अपडेट पर निर्भर करेगी।

कमजोर हो रहा बारिश कराने वाला मौसमी सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश कराने वाला मौसमी सिस्टम अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। दूसरी ओर, थाईलैंड के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की जानकारी है, जिसके आगे बढ़कर अंडमान क्षेत्र तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र भी विकसित हो रहा है। इन मौसमी गतिविधियों का बिहार पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इसकी स्थिति आने वाले दिनों में स्पष्ट होगी।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। दोपहर में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। इस दौरान ठंडी हवाओं का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की ओर से पटना में आज बारिश या बूंदाबांदी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।