द फॉलोअप,बिहार
बिहार में राजधानी पटना समेत दक्षिणी भागों के अधिकांश जिलों में अगले 24 घंटे तक गर्मी और उमस भरा मौसम बना रहेगा। वहीं उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने, भभुआ, बक्सर और रोहतास में लू को लेकर चेतावनी जारी की है, जबकि नवादा, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है।

अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। जिसके कारण अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मधुबनी के राजनगर में सबसे अधिक 83 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
.jpeg)
पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस
शनिवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि छपरा 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। गया का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री, भागलपुर का 36.7 डिग्री और मुजफ्फरपुर का 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।