logo

बिहार में सक्रिय हुआ मानसून, 19 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट 

weather_image_6363.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को उत्तरी बिहार के ज्यादातर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मध्य और दक्षिणी बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गयी है। वहीं राजधानी पटना में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।

8 से 11 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना

पटना में 8 से 11 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार को शहर के कई इलाकों में तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।  पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। इस दौरान तेज हवा भी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

बिहार में 35% बारिश की कमी 
मानसून सक्रिय होने के बावजूद बिहार में बारिश की कमी बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में अब तक 362.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य तौर पर बारिश 560.4 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। ऐसे में बिहार में अभी भी सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गयी है। वहीं बारिश की स्थिति पूरे बिहार में एक जैसी नहीं है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर और गया सहित कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं बिहार के कई जिलों में अब भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश किसानों को राहत दे सकती है।

Tags - Bihar Weather Rain Alert Weather Update