logo

Bihar MLC Result : पटना के काउंटिंग सेंटर पर बवाल, वोट चोरी के नारे

पटना के काउंटिंग सेंटर पर बवाल, वोट चोरी के नारे

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar Vidhan Parishad Election) की मतगणना के बीच मंगलवार को पटना के बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (Bankipur Girls School)  के बाहर जमकर हंगामा हुआ। मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दो सरकारी कर्मचारी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर केंद्र के अंदर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और बैग में रखे दस्तावेज छीनने की कोशिश की। इस बीच कागजात सड़क पर बिखर गये। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और बिखरे हुए दस्तावेजों को इकट्ठा किया।

पुलिस की सुरक्षा में केंद्र के अंदर पहुंचे कर्मचारी

हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया करायी और दस्तावेजों के साथ मतगणना केंद्र के अंदर पहुंचाया। इस दौरान केंद्र के बाहर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, कर्मचारियों के बैग में रखे दस्तावेज किससे संबंधित थे और कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश क्यों की, इस बारे में अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। गौरतलब है कि मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की शिकायत को लेकर भी प्रत्याशियों ने नाराजगी जतायी थी। इस मुद्दे पर जन सुराज की उम्मीदवार दिव्या ज्योति और आरजेडी प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने सवाल उठाये थे।

सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर प्रत्याशियों ने उठाये सवाल

मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की शिकायत को लेकर जन सुराज की उम्मीदवार दिव्या ज्योति ने निर्वाचन आयोग और कमिश्नरी में शिकायत करने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मतगणना केंद्र के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये गये हैं। वहीं, आरजेडी प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भी इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा था कि देश में अन्य चुनावों के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रावधान रहता है, लेकिन एमएलसी चुनाव में ऐसी व्यवस्था नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मतगणना के दौरान सामने आये हंगामे और कैमरों को लेकर उठे सवालों ने केंद्र की व्यवस्था पर चर्चा तेज कर दी है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar MLC Election 2026 Bihar MLC Election Counting Bankipur Girls School Ruckus