द फॉलोअप डेस्क:
बिहार विधान परिषद (Bihar Legislative Council) की 8 सीटों पर चुनाव प्रचार का शोर बुधवार शाम थम गया। अब शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं।

963 केंद्रों पर होगा मतदान
मतदान के लिए पूरे बिहार में 963 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5 लाख 32 हजार 547 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पटना में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 80 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बांकीपुर से रवाना हुई सामग्री
पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल से मतदान सामग्री संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना की गई। प्रशासन की ओर से मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब 27 अक्टूबर को मतगणना होगी, जिसके बाद चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।