Bihar Mid-Day-Meal:
बिहार के सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मिल का मेन्यू में बदलाव किया गया है। शिक्षा विभाग ने मानसून के दौरान बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया है। मानसून भर 4 सब्जियों पर रोक लगा दी गई है। नई गाइडलाइन के तहत बनने वाले भोजन में बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और सभी प्रकार के पत्तेदार साग का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं।
.jpeg)
क्यों लिया गया फैसला?
शिक्षा विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में इन सब्जियों में कीड़े और संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है, जिससे बच्चों में फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी बीमारियों का खतरा रहता है। इसी को देखते हुए स्कूलों को ताजी, सुरक्षित और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मौसमी सब्जियों का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ पानी के इस्तेमाल और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।

मानकों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करेंगे और मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच करेंगे। शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी विद्यालय में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों को मानसून के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।