द फॉलोअप,बिहार
बिहार में IPL टीम की मांग अब तेज होती दिख रही है। वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर बिहार के लिए एक IPL टीम बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चेन्नई, मुंबई और कोलकाता की तरह बिहार की भी अपनी टीम होनी चाहिए, क्योंकि राज्य ने देश को कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं।

राजगीर में बन रहा इंटरनेशनल स्टेडियम
राज्य में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त जुनून है। उनकी इस अपील पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार क्रिकेट के विकास के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। राज्य सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में जुटी हुई है। राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जा रहा है, जिसे राज्य की बड़ी खेल परियोजनाओं में माना जा रहा है। वहीं हाल ही में राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने राजस्थान रोयल्स प्रबंधन से मुलाकात कर बिहार में भविष्य में IPL मुकाबले आयोजित कराने को लेकर चर्चा की थी। माना जा रहा है कि राज्य में क्रिकेट इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है।
आपकी बात से पूर्णतः सहमत हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 22, 2026
बिहार के क्रिकेट "इमोशन" के लिए सरकार स्पष्ट "विजन" के साथ "मिशन" मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। https://t.co/Q5xfXYGwiC
खिलाड़ियों ने IPL में बढ़ाया राज्य का मान
IPL 2026 में बिहार के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी चर्चा में रहा। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा, जबकि मुकेश कुमार ने तेज गेंदबाजी से कई मुकाबलों में प्रभाव छोड़ा। वहीं इशान किशन ने भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर बिहार के क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि राज्य में बेहतर स्टेडियम, ट्रेनिंग और प्रोफेशनल लीग की व्यवस्था विकसित होती है, तो आने वाले समय में राज्य देश को और भी बड़े क्रिकेट सितारे दे सकता है।