logo

बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट दिसंबर तक होगा शुरू? जानिए क्या काम है बाकी

बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट दिसंबर तक होगा शुरू? जानिए क्या काम है बाकी

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के नवादा (Nawada) जिले में राज्य का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट (floating solar power plant) तैयार किया जा रहा है। रजौली (Rajoali) प्रखंड की हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम में इस परियोजना का काम लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल केवल केबल बिछाने का काम बाकी है, जिसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर 2026 तक प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू हो सकता है। इस सोलर प्लांट की उत्पादन क्षमता 10 मेगावाट है। यहां उत्पादित बिजली को रजौली ग्रिड पावर हाउस तक पहुंचाया जाएगा।

90 गांवों को मिलेगी बिजली, 25 साल का समझौता

फुलवरिया डैम में बने इस फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट से हर साल करीब 1.60 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होने की संभावना है। इससे रजौली और आसपास के लगभग 90 गांवों को लाभ मिल सकता है। परियोजना के जरिए क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसे रिन्यूएबल एनर्जी सर्विस कंपनी (रेस्को) मॉडल के तहत तैयार किया गया है। योजना के मुताबिक, बिहार राज्य बिजली कंपनी को अगले 25 साल तक 3.87 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लंबे समय तक बिजली उत्पादन और आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।

30 एकड़ में लगे सोलर पैनल, डैम को भी होगा फायदा

फुलवरिया डैम में करीब 30 एकड़ क्षेत्र में सोलर पैनल लगाए गए हैं। पानी की सतह पर प्लांट स्थापित होने से बिजली उत्पादन के लिए जमीन की जरूरत कम होगी। इसके अलावा, सोलर पैनल से डैम में पानी के वाष्पीकरण को कम करने में भी मदद मिल सकती है। परियोजना से डैम में पल रही मछलियों को नुकसान नहीं होने की बात कही जा रही है। बिजली उत्पादन के साथ यह परियोजना क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को भी बढ़ा सकती है। इससे नवादा जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने और जिले को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Tags - Bihar News Bihar largest floating solar power plant Nawada floating solar power plant Fulwaria Dam solar project