द फॉलोअप,बिहार
बिहार में अगले 5 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। मौसम विभाग ने एक तरफ राज्य के 6 जिलों में भीषण गर्मी और हीट का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है तो वहीं दूसरी ओर 13 जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रभावित जिलों में 50 किमी प्रति/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय
मौसम विज्ञान के मुताबिक, फिलहाल बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके कारण अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं तेज हवा और बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग की माने तो इस दौरान दक्षिण बिहार और पटना समेत कई इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

पटना में राहत की उम्मीद कम
शनिवार को 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर डेहरी रहा। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मई तक पटना का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आज और कल दोपहर बाद हल्के बादल छा सकते हैं।