logo

बिहार में 10 लाख गरीब परिवारों को मिलेगी फ्री सौर ऊर्जा बिजली, तैयारी शुरू

dd4.jpg

द फॉलोअप, बिहार
बिहार में राज्य के 10 लाख बीपीएल परिवारों को फ्री और सौर ऊर्जा बिजली मिलेगी। सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर जल्द ही सोलर प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे उनके घरों में बिजली पहुंचेगी। राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी पदाधिकारियों को कुटीर ज्योति योजना के तहत उपभोक्ताओं के घरों में सोलर संयंत्र लगाने का निर्दश दे दिया है। 

उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट फ्री बिजली
CM सम्राट ने सोमवार को लोक सेवक आवास में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से लागू करने और अधिक से अधिक घरों तक इसका लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।  CM ने आगे कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। अब सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लोगों को घरों पर सोलर पैनल लगाने हेतु प्रोत्साहित कर रही है। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। 


सोलर पैनल की होगी निगरानी
सीएम सम्राट ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदियों को सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाए और सौर ऊर्जा के फायदे एवं कार्यप्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ग्रामीणों में इसके प्रति जागरूकता और रुचि बढ़े। बैठक में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Bihar free solar electricity scheme Bihar solar energy scheme Bihar BPL families solar power