बिहार
बिहार सरकार जल्द ही 2 हजार पदों पर मत्स्य सहायकों की नियुक्ति करेगी। फिलहाल राज्य के 2 हजार पंचायतों में नियुक्ति होगी। सरकार के इस फैसले से मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इस भर्ती से मछली पालक तकनीकी सहायता औऱ सरकारी योजनाओं का लाभ ले पाएंगे। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने पद सृजन का प्रस्ताव वित्त विभाग की प्रशासनिक समिति को भेज दिया है।
.jpeg)
अब होगी नियमित बहाली
समिति और कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) के माध्यम से शुरू की जाएगी। पहले इन पदों पर संविदा नियुक्ति की योजना थी, लेकिन अब नियमित बहाली का फैसला लिया गया है।
आवेदन भरने के लिए अभ्यर्थियों को इन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास फिशरीज (मात्स्यिकी) में स्नातक या समकक्ष डिग्री होना जरूरी होगा। इससे अधिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे। चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित अभ्यर्थियों को कृषि विभाग के कृषि समन्वयक के समान वेतनमान मिलेगा। उनका पे-ग्रेड 2,800 रुपये होगा, जबकि मूल वेतन 5,200 से 20,200 रुपये के बीच रहेगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य सरकारी भत्तों का भी लाभ मिलेगा।

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ, बढ़ेगा मछली उत्पादन
सरकार ने अगले तीन वर्षों में बिहार में सालाना 25 लाख टन मछली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में राज्य में करीब 10.28 लाख टन मछली का उत्पादन होता है। हालांकि जरूरत पड़ने पर आंध्र प्रदेश और बाकि के राज्यों से भी मछली मंगवाई जाती है। फिलहाल पंचायत स्तर पर मत्स्य अधिकारियों की कमी है, जिसके कारण मछली पालकों को समय पर तकनीकी सलाह औऱ उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पाती हैं। इसे देखते हुए सरकार ने इन पदों पर भर्ती कराने का फैसला लिया है। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में मछली उत्पादन बढ़ेगा। साथ ही किसानों की आय में भी सुधार होगी।