Bihar School News:
बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग नई पहल करने जा रहा है। अब जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हर महीने गांवों का दौरा कर विद्यार्थियों के अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य स्कूलों में पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।

हर महीने गांव में लगाएंगे चौपाल
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जिले में एक दिन तय किया जाएगा, जब DEO और BEO किसी एक गांव में पूरे दिन मौजूद रहेंगे। इस दौरान सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और सुझाव सुने जाएंगे। अधिकारी यह भी जानकारी लेंगे कि स्कूलों में नियमित पढ़ाई हो रही है या नहीं, शिक्षक समय पर आते हैं या नहीं और बच्चों की शिक्षा का स्तर कैसा है।
फीडबैक के आधार पर होगी कार्रवाई
उसके बाद अभिभावकों से मिले सुझावों और शिकायतों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसमें स्कूलों की शैक्षणिक स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्रों की उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं का उल्लेख होगा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। कुछ समय बाद दोबारा समीक्षा कर यह भी देखा जाएगा कि इसमें कितना सुधार हुआ है।

मुख्यालय तक पहुंचेगी रिपोर्ट
शिक्षा विभाग इस अभियान की नियमित निगरानी करेगा। सभी जिलों से मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। रिपोर्ट में स्कूल भवन, शौचालय, पेयजल, शिक्षकों की संख्या और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी शामिल होगी। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया जाएगा।
शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
हाल में आयोजित सहयोग शिविरों में अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षकों की कमी, अनियमित उपस्थिति और कमजोर शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया है। विभाग का मानना है कि कार्यालय में बैठकर समीक्षा करने की बजाय गांवों में जाकर वास्तविक स्थिति जानना अधिक प्रभावी होगा। इस पहल से स्कूलों की जवाबदेही बढ़ेगी। साथ ही सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।