logo

बिहार शिक्षा विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र नारायण निलंबित, आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप

bihar_edu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शिक्षा विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र नारायण को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल उन पर आय से अधिक सम्पत्ति रखने का आरोप लगा है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट की छापेमारी के बाद शिक्षा विभाग ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 
प्रारम्भिक जांच में उपनिदेशक वीरेंद्र नारायण के पास से करीब 3 करोड़ 76 लाख रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार तिरहुत प्रमंडल में पदस्थापित वीरेंद्र नारायण के खिलाफ काफी लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। जिसके बाद शिकायत को आधार बनाकर स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने वीरेंद्र नारायण के खिलाफ केस दर्ज किया और उनके ठिकानों पटना, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में छापेमारी की। 
इस छापेमारी में पुलिस टीम को नकदी, कीमती सामान, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस हाथ लगी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वीरेंद्र नारायण ने पटना स्थित अपने आवास की सजावट पर लगभग 20 से 25 लाख रुपये खर्च किए हैं। जांच एजेंसी ने बताया कि सभी जब्त किये सामानों की जांच की जा रही है। और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह संपत्ति किन स्रोतों से अर्जित की गई है।
अधिकारीयों के बताये अनुसार अभी यह शुरूआती आंकड़ा है, आगे और भी खुलासे किये जा सकते हैं। स्पेशल विजिलेंस यूनिट की छापेमारी के बाद शिक्षा विभाग ने वीरेंद्र नारायण को उनके पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar update bihar khabar bihar trending news patna news patna khabar patna latest news bihar education department Deputy Director of education department